
-124वीं लोकल बोर्ड ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन की बैठक में शिक्षा, अनुशासन और विकास परियोजनाओं पर हुआ मंथन
कपूरथला, 9 अक्टूबर। सैनिक स्कूल कपूरथला में 124वीं लोकल बोर्ड ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बोर्ड के अध्यक्ष मेजर जनरल पीके सिंह, एसएम ने की। विदित हो कि जनरल सिंह 11 कोर मुख्यालय के चीफ ऑफ स्टाफ हैं। बैठक में स्कूल के शैक्षणिक स्तर को और बेहतर बनाने, कैडेट्स में अनुशासन को सुदृढ़ करने तथा उनके दैनिक जीवन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ विद्यालय के विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
इस दौरान स्कूल के प्रधानाचार्य तथा बोर्ड के सदस्य सचिव ग्रुप कैप्टन आई. मनोज मेनन ने स्कूल में चल रहे और प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों तथा आधारभूत संरचना से संबंधित परियोजनाओं की प्रगति के बारे में भी जानकारी दी।

साथ ही, उन्होंने स्कूल की शैक्षणिक गतिविधियों, विशेषकर ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा की पढ़ाई, प्रशिक्षण एवं एनडीए कक्षाओं के आयोजन के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्कूल में सभी कैडेट्स की शिक्षा, एनसीसी प्रशिक्षण, अनुशासन, खेलकूद, शारीरिक दक्षता तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के माध्यम से उनके सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। कैडेट्स की सुबह से शाम तक की दिनचर्या और समयबद्ध गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में स्कूल में प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों, भवन मरम्मत और आधारभूत संरचना से संबंधित परियोजनाओं के बारे में चर्चा की गई। चर्चा के दौरान यह बात सामने आई कि स्कूल की आवश्यकताओं से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण योजनाएँ पर्याप्त राशि के अभाव में प्रभावित हैं, जबकि इन परियोजनाओं के पूरा होने से कैडेट्स को बेहतर शैक्षणिक, प्रशिक्षण एवं अन्य आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
बोर्ड की बैठक में प्रतिनिधि जिला प्रशासन- कपूरथला, ब्रिगेडियर भूपिंदर एस. ढिल्लों (सेवानिवृत्त), निदेशक डीएसडब्ल्यू (पंजाब), ओबीए की ओर से लेफ्टिनेंट जनरल गुरदीप सिंह (सेवानिवृत्त), शिक्षाविद् ब्रिगेडियर एच. एस. भंडाल (सेवानिवृत्त) आदि अनेक गण्यमान्य सदस्य उपस्थित थे।
अंत में बैठक के समापन पर अध्यक्ष ने सैनिक स्कूल के प्रधानाचार्य और उनकी टीम को स्कूल के समग्र संचालन और विकास के प्रति उनके समर्पित प्रयासों के लिए बधाई दी। उन्होंने स्कूल प्रशासन द्वारा प्रदर्शित उच्च स्तर की प्रेरणा, समन्वय और प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि टीम पूरी तरह से एकजुट है और स्कूल के मूल उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए सामूहिक रूप से काम कर रही है। उन्होंने केन्द्र और राज्य दोनों के सहयोग से चल रहे कार्यों को शीघ्र पूरा करने का आह्वान किया। एलबीए ने औपचारिक रूप से पंजाब सरकार से सैनिक स्कूल के लिए लंबित राशि का निपटान करने का आग्रह किया ताकि स्कूल में लंबित परियोजनाओं को सुचारू से प्रारम्भ किया जा सके।


